दो महीने में बनेगा खड्ड कालेज का इनडोर स्टेडियम
डिप्टी सीएम बोले, कालेज के छात्रों को मिलेगी आधुनिक खेल सुविधाएं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय खड्ड में 13.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम का कार्य लगभग दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने सोमवार को निर्माणाधीन स्टेडियम का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इनडोर स्टेडियम के तैयार होने से महाविद्यालय के विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल एवं फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध होंगी। स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल की सुविधाओं के साथ बॉक्सिंग रिंग, फिटनेस सेंटर, योगा एवं मेडिटेशन हॉल तथा कैफेटेरिया का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के साथ खेल अधोसंरचना को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है।
राजकीय महाविद्यालय खड्ड में बन रहा यह इंडोर स्टेडियम क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि बेहतर खेल सुविधाओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढऩे का अवसर मिलता है। हरोली क्षेत्र में शिक्षा और खेल सुविधाओं को मजबूत करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम का शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
