आईजीएमसी में कैंसर पर ‘अंतिम वार’ की तैयारी

By: Aug 18th, 2026 12:01 am

इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज में 24 करोड़ की मशीन तैयार, लीनैक का ट्रायल अंतिम दौर में, जल्द शुरू होगी हाई-टेक रेडिएशन थेरेपी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
आईजीएमसी कैंसर अस्पताल में करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित हाई-एंड लीनियर एक्सेलरेटर (लीनैक) मशीन का ट्रायल अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। शुरुआती ट्रायल सफल रहने के बाद मशीन के विभिन्न तकनीकी और चिकित्सकीय पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है। विभागाध्यक्ष डॉ मनीष गुप्ता और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीम की निगरानी में मरीजों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से रेडिएशन थेरेपी भी दी जा रही है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ट्रायल के दौरान मशीन की कार्यप्रणाली को निर्धारित मानकों के अनुरूप परखा जा रहा है। इसके साथ ही रेडिएशन की सटीकता, सुरक्षा और उपचार से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि नियमित उपचार शुरू करने से पहले सभी मानकों को सुनिश्चित किया जा सके। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ राहुल राव ने बताया कि मशीन का ट्रायल अंतिम चरण में है। ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।

इसके बाद प्रदेश के कैंसर मरीजों को आईजीएमसी में इस अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी सुविधा का नियमित लाभ मिल सकेगा। करीब 24 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित यह लीनैक एक्सीलरेटर आधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीक से लैस है। मशीन उच्च ऊर्जा वाली एक्स-रे और इलेक्ट्रॉन बीम के जरिए शरीर के भीतर मौजूद ट्यूमर और कैंसर प्रभावित कोशिकाओं तक बेहद सटीक तरीके से रेडिएशन पहुंचाती है। इसकी खासियत यह है कि रेडिएशन को प्रभावित हिस्से पर अधिक केंद्रित किया जा सकता है, जिससे आसपास के स्वस्थ ऊतकों और महत्वपूर्ण अंगों पर अनावश्यक प्रभाव को कम करने में मदद मिलती है। मशीन के नियमित रूप से शुरू होने के बाद हिमाचल प्रदेश के कैंसर मरीजों को अत्याधुनिक रेडिएशन थेरेपी के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे प्रदेश के मरीजों को उपचार के लिए अन्य बड़े केंद्रों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल सकती है।

मरीजों को मिलेगी राहत

आईजीएमसी कैंसर अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने के बाद प्रदेश के कैंसर मरीजों को चंडीगढ़, दिल्ली अथवा अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब मरीजों को अपने ही राज्य में आधुनिक और सटीक उपचार उपलब्ध होगा। इससे मरीजों का समय और आर्थिक खर्च दोनों कम होंगे और समय पर इलाज शुरू होने से उपचार की सफलता की संभावना भी बढ़ेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App