बीडीसी कुनिहार में भाजपा की जीत

By: Aug 18th, 2026 12:01 am

भाजपा समर्थित मनप्रीत वर्मा अध्यक्ष; जयदेव को सौंपी उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, फूल-मालाओं के साथ किया स्वागत

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
पंचायत समिति कुनिहार को आखिरकार ढाई महीने के बाद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मिल ही गया। 23 सदस्यों वाले पंचायत समिति कुनिहार के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए सोमवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज कर दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया। अध्यक्ष पद पर प्लानिया वार्ड से मनप्रीत वर्मा तथा दसेरन वार्ड से उपाध्यक्ष पद पर जयदेव विजयी घोषित हुए। चुनाव परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत किया। उपमंडलाधिकारी कार्यालय अर्की के सभागार में एसडीएम निशांत तोमर की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई।

अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित मनप्रीत वर्मा और कांग्रेस समर्थित रितु के बीच सीधा मुकाबला था, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित जयदेव और कांग्रेस समर्थित जगदीश मैदान में थे। जिसमें अध्यक्ष मनप्रीत वर्मा को 14 वोट व कांग्रेस की रितु को 9 वोट पड़े। वही उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के जयदेव को भी 14 वोट व कांग्रेस के जगदीश को 9 वोट प्राप्त हुए। मतदान के बाद हुई मतगणना में भाजपा समर्थित दोनों उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर संगठन की मजबूत पकड़ को साबित किया। परिणाम घोषित होते ही भाजपा खेमे में खुशी का माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर भाजपा विधायक रणधीर शर्मा, पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, विभिन्न पंचायतों के बीडीसी सदस्य, भाजपा एवं कांग्रेस के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App