बद्दी में मांगों को लेकर गरजा मजदूर संघ
पीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, मांगें न मानीं तो शिमला के घेराव की चेतावनी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को देशव्यापी आंदोलन के तहत बद्दी में प्रदर्शन किया। जिला सोलन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बद्दी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। संघ ने चेताया कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। भारतीय मजदूर संघ ने न्यूनतम वेतन कम से कम 30 हजार प्रतिमाह करनेए ईएसआई की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार तथा ईपीएफ की न्यूनतम पेंशन एक हजार से बढ़ाकर 7,500 रुपए करने की मांग उठाई। संघ ने आशा वर्करए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताए मिड-डे मील वर्कर, एनएचएम सहित सभी स्कीम वर्करों को नियमित करने और उन्हें वेतन संहिता-2019 तथा सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 के दायरे में लाने की मांग भी रखी।
प्रदेश सचिव राजू भारद्वाज ने कहा कि मजदूर लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन कई मुद्दे अब भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि संगठन प्रदेश स्तर पर आंदोलन तेज करेगा और आवश्यकता पडऩे पर शिमला में बड़ा प्रदर्शन कर राजधानी का घेराव भी किया जाएगा। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष खेमराज विक्की, जिला संगठन सचिव अश्वनी कुमार, कृष्ण कुमार चौधरी, अरविंद कुमार, अमला राम, प्रजापति, ममता, रेखा और सुकांत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
