पांवटा साहिब में सनसनीखेज वारदात, सब्जी व्यापारी की गला रेतकर हत्या, आरोपी फरार

By: Aug 18th, 2026 1:03 pm

पांवटा साहिब। पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक पर मंगलवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच एक व्यक्ति की गला रेतकर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या की वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन मैडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले की गहन जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, पोस्ट ऑफिस कोटी उतरू, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

मृतक के भतीजे ने बताया कि उसके चाचा रोज शाम को पांवटा साहिब आते थे वह सुबह तड़के यहां से सब्जियां लादकर कफोटा और शिलाई के बाजारों में सप्लाई करते थे। भतीजे के अनुसार भाव सिंह की उसे क्षेत्र में किसी से ऐसी दुश्मनी नहीं थी जो उसके लिए जानलेवा साबित हो। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात तड़के 2:30 से 3:00 बजे के बीच हुई।

बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने विश्वकर्मा मंदिर के समीप नगर परिषद की बंद पार्किंग के अंदर भाव सिंह पर चाकू से हमला किया। भाव सिंह के गले में चाकू के दो निशान पाए गए हैं। चाकू लगने के बाद पीड़ित पार्किंग की सीढ़िया से भागता हुआ छत पर आया और छत से एनएच 07 पर विश्वकर्मा मंदिर के पास पहुंचा। यहां मंदिर के गेट के पास ही सड़क पर गिरा पाया गया था। पार्किंग, पार्किंग की सीढ़ियां, छत और सड़क पर खून के निशान पाए गए हैं। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोग ने भाव सिंह को कुछ ही देर में सिविल अस्पताल पहुंचाया था मगर, यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सब्जी व्यापारी भाव सिंह पर किसने और क्यों हमला किया इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी सहित सभी अन्य माध्यमों से हमलावरों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस की कई टीमें मामले की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। फॉरेंसिक लैब जुन्गा से फोरेंसिक विशेषज्ञों को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि हमलावर जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

मामले की पुष्टि करते हुए स्थानीय डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस संबंध में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तहकीकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो मामले की जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App