हिमाचल की बेटी डॉ. रिंपी अरुण अमरीका में कैंसर पर करेंगी शोध

By: Aug 18th, 2026 5:14 pm

सुनील दत्त—जवाली

उपमंडल जवाली के अंतर्गत पंचायत फारियां की बेटी डॉ. रिंपी अरुण का चयन अमरीका के नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट में रिसर्च एसोसिएट के पद पर हुआ है। वह अमरीका के मैरीलैंड स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हैल्थ के कैंसर इंस्टीट्यूट में शोध कार्य करेंगी। डॉ. रिंपी अरुण ने पंजाब विश्वविद्यालय से एमएससी बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने नेट-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की और नई दिल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इम्यूनोलॉजी से पीएचडी की पढ़ाई पूरी की।

अपनी उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब उन्हें अमरीका के प्रतिष्ठित नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट में शोध कार्य करने का अवसर मिला है। डॉ. रिंपी अरुण की इस उपलब्धि से उनके परिवार सहित पूरे जवाली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने जवाली और कांगड़ा का गौरव बढ़ाया है। क्षेत्रवासियों ने डॉ. रिंपी अरुण और उनके परिवार को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. रिंपी के पिता गुरबख्श सिंह कांगड़ा को-ऑपरेटिव बैंक में सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता उर्मिला देवी स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। परिवार के संस्कारों और डॉ. रिंपी अरुण की कड़ी मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। डॉ. रिंपी अरुण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता तथा अपनी कड़ी मेहनत को दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App