नगर निगम ने अवैध तहबाजारियों पर कसा शिकंजा
बालूगंज, लोअर बाजार-आईजीएमसी में 12 तहबाजारियों का सामान जब्त, कार्रवाई रोकने वालों पर केस की चेतावनी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हाई कोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम सख्ती से पूरे शहर में अवैध तहबाजारियों पर कार्रवाई कर रहा है। रविवार को भी नगर निगम की टीम ने बालुगंज, लोअर बाजार और आईजीएमसी का निरीक्षण किया। इस दौरान सडक़ों पर बैठे 12 अवैध तहबाजारियों का सामान जब्त किया। तहबाजारियों ने इस दौरान नगर निगम की टीम के साथ छिना झपटी भी की। खैर नगर निगम ने लोगों को समझाया कि वह उनके चिन्हित स्थानों पर ही बैठे ताकि कार्रवाई न करनी पड़े। वहीं नगर निगम शिमला का कहना है कि कोर्ट के आदेशों की पूरी तरह पालना की जाएगी। जिन तहबाजारियों को स्थान चिन्हित किए हैं यदि वह लोग वहां पर नहीं बैठते हैं तो उनका सामान जब्त किया जाएगा। इसके अलावा जिनके पास कार्ड नहीं है उनका सामान अब नगर निगम नहीं देगा। नगर निगम का साफ कहना है कि जुर्माना अब आयुक्त कोर्ट तय करेगा। नगर निगम ने पहले ही तहबाजारियों को कई बार चेतावनी दे दी है। लेकिन अब नगर निगम किसी को भी नहीं बक्शने वाला है। नगर निगम अब लगातार पूरे शहर का निरीक्षण कर रहा है और जो भी अवैध तहबाजारी करता पाया गया है चिन्हित स्थान पर नहीं बैठता है उस पर कार्रवाई की जाएगी।
लोअर बाजार के दुकानदारों को भी दी चेतावनी
लोअर बाजार में लगातार नगर निगम की टीम के साथ तहबाजारी और दुकानदार उलझ रहे हैं। नगर निगम का कहना है कि निकास नालियों से अंदर ही दुकान का सामान सजाएं। यानी जो उनका शटर है उसके अंदर ही सामान सजाएं। इससे बाहर यदि नालियों के ऊपर सामान को सजाया होगा तो उसे अवैध तहबाजारी माना जाएगा। इस दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई भी होगी। इसी को लेकर लगातार दुकानदारों और नगर निगम की टीम के बीच बहसबाजी हो रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
