सायरी में जुटे 25 स्कूलों के 356 खिलाड़ी

By: Aug 24th, 2026 12:01 am

कंडाघाट ब्लॉक की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

निजी संवाददाता-कुनिहार
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सायरी में कंडाघाट ब्लॉक की अंडर-19 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में ब्लॉक के 25 विद्यालयों के करीब 356 खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान वीरेंद्र जसवाल ने मुख्यातिथि के रूप में किया। इस दौरान बीडीसी सदस्य भगेश राठौर, चनोग पंचायत प्रधान लेखराम, सायरी पंचायत उपप्रधान राजिंद्र शर्मा सहित आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतियोगिता प्रभारी डीपीई चंद्रप्रभा हैं, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चायल के प्रधानाचार्य मोहन लाल पंवर पर्यवेक्षक की भूमिका निभा रहे हैं।

पहले दिन कबड्डी के चार मुकाबले हुए। कलहोग की टीम ने शमरौड़ को, भोज-आंजी ने घैंटी को हराया। सोलन और बाग के बीच मुकाबले में सोलन तथा ओच्छघाट और कोठों के मैच में ओच्छघाट की टीम विजयी रही। खो-खो के फाइनल में डुमैहर ने कदौर को 17-14 से हराकर खिताब जीता। वॉलीबॉल में भी खिलाडिय़ों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। मुख्यातिथि वीरेंद्र जसवाल ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में शारीरिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाडिय़ोंं से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य आत्मा राम शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App