रोजगार ब्यूरो शुरू करेगी लघु उद्योग भारती

By: Aug 24th, 2026 12:01 am

कालाअंब में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उद्योगों की समस्याओं पर मंथन, जर्जर सडक़ और इंटर स्टेट बैरियर का मुद्दा भी उठा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लघु उद्योग भारती हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बद्दी, परवाणू, कालाअंब सहित प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में संगठन के बैनर तले रोजगार ब्यूरो शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य उद्योगों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कुशल कर्मचारी उपलब्ध करवाने के साथ युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देना है। प्रदेश अध्यक्ष अखिल मोहन ने कहा कि कई बार उद्योगों को जरूरत के अनुसार योग्य कर्मचारी नहीं मिल पाते, जबकि योग्य युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी समय पर नहीं मिलती। रोजगार ब्यूरो दोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद करेगा। बैठक में कालाअंब-त्रिलोकपुर सडक़ की खराब हालत का मुद्दा भी उठाया गया। कालाअंब इकाई अध्यक्ष अखिल महेश्वरी ने कहा कि सडक़ की बदहाली से उद्योगों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।

हिमाचल-हरियाणा सीमा पर स्थित इंटर स्टेट बैरियर से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इस मामले में उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में इनपुट और आउटपुट टैक्स के अंतर, औद्योगिक क्षेत्रों की अन्य समस्याओं, संगठन विस्तार और उद्यमियों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। कालाअंब इकाई की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए रितेश अग्रवाल को महासचिव, विक्र चिकारा को उपाध्यक्ष तथा विकास जटियान, सचिन सोलंकी और अंकुश क्लारे को संयुक्त सचिव बनाया गया। अमन दुग्गल को संयुक्त सचिव एवं मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रदेश अध्यक्ष ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। बैठक में नवनियुक्त एएसपी सिरमौर नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। संगठन ने उन्हें नए पदभार की शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया और पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री अश्वनी गर्ग, कोषाध्यक्ष अजय सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवीन, बरोटीवाला इकाई अध्यक्ष संजीव सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App