सतलुज को प्रदूषित करने पर एफआईआर, पंजाब के रोपड़ थाने में विधायक ने दी शिकायत

By: Aug 26th, 2026 12:08 am

हिमाचल के उद्योगों पर आरोप, पंजाब के रोपड़ थाने में विधायक ने दी शिकायत

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

पंजाब के रोपड़ से आम आदमी पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने हिमाचल प्रदेश के बद्दी-बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र की कुछ औद्योगिक इकाइयों पर सिरसा नदी में कथित रूप से औद्योगिक रसायनयुक्त अपशिष्ट छोडऩे का आरोप लगाते हुए रोपड़ पुलिस स्टेशन में अज्ञात उद्योगपतियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। जानकारी के अनुसार सुबह कुछ मॉर्निंग वॉकर्स ने रोपड़ के निकट सतलुज नदी में रोपड़ हैड गेट के पास भारी मात्रा में औद्योगिक कचरा जमा देखा। इसकी सूचना मिलने के बाद विधायक दिनेश चड्ढा ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

मामले की तकनीकी जांच के लिए पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ आदित्य शर्मा, एसडीओ हरसिमरन सिंह सोढ़ी और जेई बलप्रीत सिंह ने मौके का दौरा किया। जांच टीम ने रोपड़ हैडवक्र्स के गेटों के पास बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें और अन्य सामग्री, औद्योगिक कचरा, थर्माकोल तथा वनस्पति अवशेष जमा पाए। इससे नदी का पानी बुरी तरह प्रदूषित होने की आशंका जताई गई। विधायक चड्ढा ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए वह पुलिस और नगर परिषद के अधिकारियों के साथ रोपड़ हैडवक्र्स पर मौजूद रहे। इस मामले में बद्दी-नालागढ़ क्षेत्र की फैक्ट्रियों के मालिकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 270, 271, 279 और 280, जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम की धाराओं 24 और 43 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा सात के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App