लंबित डीए पर हिमाचल प्रदेश संयुक्त कर्मचारी महासंघ ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

By: Aug 27th, 2026 10:34 pm
karamchari

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

हिमाचल प्रदेश संयुक्त कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल आज प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, महासचिव हीरालाल वर्मा, डा. सुरेंद्र सिंह डोगरा सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में विधानसभा में माननीय मुख्यमंत्री से मिला। महासंघ ने प्रदेश के कर्मचारियों की लंबित महंगाई भत्ते की देनदारी को प्रमुखता से उठाते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि कर्मचारियों में इस विषय को लेकर लगातार असंतोष बढ़ रहा है। महासंघ के अनुसार कर्मचारियों का लगभग 16 प्रतिशत डीए लंबित है, जिसकी वजह से कर्मचारी वर्ग आर्थिक दबाव और असंतोष दोनों महसूस कर रहा है।

महासंघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विधानसभा के वर्तमान सत्र में कम से कम पांच प्रतिशत डीए की एक किस्त की घोषणा कर कर्मचारियों को ठोस राहत प्रदान की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी महासंघ सरकार से टकराव नहीं, बल्कि कर्मचारियों के जायज़ अधिकारों और लंबित देनदारियों के समाधान की अपेक्षा रखता है। लेकिन यदि कर्मचारियों की लगातार उठ रही मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो कर्मचारी संगठनों के पास अपनी आगामी रणनीति पर गंभीरता से विचार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App