6048 मीटर की चोटी पर फहराया तिरंगा, जांस्कर पर्वतमाला पर पर्वतारोही दल ने पांच दिन में पूरा किया अभियान

By: Aug 27th, 2026 11:00 pm

कार्यालय संवादाता-कुल्लू

ग्रेटर हिमालय रेंज की जांस्कर पर्वतमाला में जिला लाहुल में करीब 6048 मीटर ऊंची एक अज्ञात और अनक्लाइंब्ड चोटी पर दस सदस्यीय पर्वतारोही दल ने सफल आरोहण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पर्वतारोहण के बाद गिमनर सिंह, पायलट एवं अनुदेशक ने करीब 6048 मीटर ऊंचे शिखर से पैराग्लाइडिंग का पहला प्रयास कर इतिहास रच दिया। क्लाइंब्ड चोटी पर पहली बार आरोहण करने के साथ ही उसके शिखर से पैराग्लाइडिंग करना साहस, कौशल और रोमांच का अनूठा उदाहरण माना जा रहा है।

इस अभियान के दौरान दल ने चोटी के शिखर पर तिरंगा भी फहराया। अभियान दल के सदस्यों के अनुसार इस अज्ञात चोटी पर पहली बार मानव कदम पहुंचा और पहली बार तिरंगा फहराया गया। अभियान को इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के प्रस्ताव के तहत आयोजित किया गया था। अभियान 22 अगस्त को शुरू हुआ और 26 अगस्त को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महज पांच दिनों में दस सदस्यीय दल ने दुर्गम परिस्थितियों और कठिन भू-भाग के बीच चोटी पर पहुंचकर आरोहण पूरा किया। अभियान लीडर देशराज ने बताया कि अभी तक इस चोटी का कोई आधिकारिक नाम नहीं रखा गया है। अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के बाद चोटी के नामकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App