बेटे ने की मां की हत्या, खिडक़ी तोडक़र अंदर घुसा आरोपी, प्रेशर कुकर से सिर पर किए वार

By: Sep 1st, 2026 12:08 am

निजी संवाददाता-फिरोजपुर

पंजाब के अबोहर के संत नगर गली नंबर 1 में सोमवार दोपहर 80 वर्षीय कृष्णा रानी की उनके बड़े बेटे सुनील कुमार ने हत्या कर दी। परिवार के सदस्यों के अनुसार सुनील कुमार लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और नशे का भी सेवन करता है। घटना के समय वह कथित तौर पर नशे की हालत में था और मां से झगड़ा करने लगा। बेटे का आक्रामक व्यवहार देखकर कृष्णा रानी अपनी जान बचाने के लिए कमरे में चली गईं और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है, कि सुनील कुमार ने कमरे की खिडक़ी तोड़ दी और अंदर घुसकर मां पर हमला कर दिया। जांच करता पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने घर में रखे प्रेशर कुकर से कृष्णा रानी के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के दौरान महिला की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी सुनील कुमार को काबू कर लिया और उसके भाई तथा पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार कृष्णा रानी के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा सुनील कुमार उनके साथ रहता था, जबकि छोटा बेटा विजय कुमार इंद्रा नगरी गली नंबर 4 में अलग रहता है। परिवार के अनुसार सुनील कुमार की मानसिक बीमारी का इलाज एक निजी डॉक्टर से चल रहा था। कृष्णा रानी करीब तीन दिन पहले ही छोटे बेटे के घर से बड़े बेटे के पास रहने के लिए आई थीं। इसके बाद सोमवार को यह घटना हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी हरीश कुमार और थाना नंबर 1 के प्रभारी मनिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नर सेवा नारायण सेवा समिति के सदस्यों की मदद से शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार मृतका के छोटे बेटे विजय कुमार के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस घटना की परिस्थितियों और आरोपी के व्यवहार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App