भारत करवा सकता है युद्ध का अंत, मुलाकात के दौरान ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान ने पीएम मोदी से की अपील

By: Sep 1st, 2026 12:06 am

बिश्केक में मुलाकात के दौरान ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियान ने पीएम मोदी से की अपील

एजेंसियां— बिश्केक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ बैठक की। इस बैठक में पेजेशकियान ने पीएम मोदी ने कहा कि अमरीका ने अपने वादे को पूरा नहीं किया, इसके बावजूद ईरान एक अंतिम समझौते पर पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। पेजेशकियान ने कहा कि इलाके में शांति और स्थिरता को मजबूत करने में भारत काफी मदद कर सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, पेजेशकियान ने कहा कि हम अब भी समझौते और आपसी समझ बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। हमारा मानना है कि युद्ध जारी रखने से न तो हमारे हितों को और न ही क्षेत्र या मानवता के हितों को कोई लाभ होता है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी के साथ बैठक में कहा कि अमरीका में ऐसे लोग हैं, जो चाहते हैं कि यह जंग जारी रहे।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़े समुद्री सहयोग और चाबहार बंदरगाह में सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि चाबहार पोर्ट दक्षिण-पूर्वी ईरान में स्थित है, जिसके एक टर्मिनल को तैयार करने में भारत ने कम से कम 12 करोड़ डॉलर (120 मिलियन डॉलर) का निवेश किया है। इस परियोजना पर लगाए गए प्रतिबंधों में अमरीका की ओर से दी गई छूट रविवार (30 अगस्त 2026) को समाप्त हो गई। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी रिश्तों की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया और दोनों देशों के लिए अहम क्षेत्रों में ईरान और भारत के बीच आपसी सहयोग को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया। पश्चिम एशिया संकट के बीच दोनों शीर्ष लीडर्स में संवाद कायम रहा है। जून में, पीएम मोदी और पेजेश्कियन के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें ईरानी राष्ट्रपति ने भारतीय पीएम को पश्चिम एशिया में हो रही घटनाओं और आगे की राह के बारे में जानकारी दी थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App