समय-समय पर निरीक्षण करें अधिकारी
जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने दिए अधिकारियों को निर्देश
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर में खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति मामले विभाग की ओर से समय-समय पर निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसके अलावा विभागीय टीम द्वारा सैंपल भी भरे जा रहे हैं। यदि इसमें किसी तरह की कोई कोताही पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई विभाग की ओर से की जा रही है। विभाग को प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से भी उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में जिले में आवश्यक वस्तुओं एवं पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं तथा विभागीय स्तर पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने आवश्यक वस्तुओं एवं खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर नियमित निरीक्षण करने तथा खाद्यान्नों के नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विभागीय मापदंडों एवं आदेशों के अनुरूप निरीक्षण कर अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा। उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि जिला में अप्रैल 2026 से जून 2026 तक में कुल 933184 मीट्रिक टन खाद्यान्न तथा 135444 लीटर खाद्य तेल विभिन्न श्रेणियों के 117230 राशन कार्ड धारकों एवं 417230 उपभोक्ताओं को 253 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरित किया गया है। इस अवधि के दौरान जिले में खाद्यान्नों के कुल 27 नमूने लिए गए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
