लिली लिटिल फ्लावर स्कूल में बैग फ्री डे की धूम

By: Sep 1st, 2026 12:02 am

बिना बस्ते के खिला बचपन; मॉक टेस्ट, सहित खेल गतिविधियों में जुटे विद्यार्थी

स्टाफ रिपोर्टर-हमीरपुर
लिली लिटिल फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल बारी रंगस में सोमवार को बच्चों को भारी भरकम बस्तों के बोझ से राहत देने और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बैग फ्री डे का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष दिन पर छात्र बिना स्कूल बैग के बेहद उत्साहित नजर आए और दिनभर विभिन्न शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में डूबे रहे। इस पहल का मु य उद्देश्य छात्रों को रटने की पारंपरिक प्रणाली से दूर ले जाकर प्रयोगात्मक तरीके से सिखाना और उनके मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था। स्कूल परिसर में सोमवार को किताबों की जगह उत्साह, रचनात्मकता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल दिखाई दिया।

दिन भर चले इस कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग कक्षाओं के लिए कई तरह की ज्ञानवर्धक और मजेदार गतिविधियां आयोजित की गईं।मॉक टेस्ट कक्षा- एक और दो, सीनियर सेकेंडरी कक्षाओं- एक और दो के विद्यार्थियों के लिए विशेष मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया, जिससे वे बिना किसी मानसिक दबाव के अपनी आगामी परीक्षाओं की तैयारी का मूल्यांकन कर सकें। साइंस क्विज कक्षा 9वीं और 10वीं हाई स्कूल के छात्रों के लिए एक रोमांचक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें बच्चों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों और तार्किक सवालों के फुर्ती से जवाब दिए। स्कूल के प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बैग फ्री डे जैसी पहल से बच्चों का तनाव कम होता है। एक तरफ जहां सीनियर छात्रों ने मॉक टेस्ट और साइंस क्विज से अपनी बौद्धिक क्षमता को परखा, वहीं खेल गतिविधियों से उनका शारीरिक मनोरंजन भी हुआ। हम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन आगे भी करते रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App