गेयटी में ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आगाज

By: Sep 1st, 2026 12:01 am

पहले दिन सब-जूनियर खिलाडिय़ों ने दिखाया दमखम, विभिन्न भार वर्गों में पदकों के लिए हुए मुकाबले

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के बहुउद्देश्यीय हॉल में सोमवार को ताइक्वांडो एसोसिएशन जिला शिमला की ओर से जिला स्तरीय 26वीं क्योरुगी और 16वीं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले करवाए गए, जिसमें खिलाडिय़ों ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चैंपियनशिप में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टोडलर्स वर्ग में नौ वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी, सब-जूनियर में 9 से 11 वर्ष, कैडेट में 12 से 14 वर्ष, जूनियर में 15 से 17 वर्ष और सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी मुकाबले में उतरेंगे। सब-जूनियर वर्ग में 12 अलग-अलग भार वर्गों, कैडेट और जूनियर वर्ग में 10-10 भार वर्गों तथा सीनियर वर्ग में आठ भार वर्गों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिताएं छात्र और छात्रा दोनों वर्गों में करवाई जा रही हैं।

हिमाचल प्रदेश ताइक्वांडों एसोसिएशन के महासचिव योगेश्वर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन के विजेताओं को संजीव ठाकुर ने पदक देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के पहले दिन टोडलर्स बॉयस अंडर-16 में रूद्रा ने गोल्ड, अंडर-18 में वंदित कनैन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अंडर-20 में रूद्रम आदित्या सिंह चौहान ने गोल्ड और चिराग ने सिल्वर मेडल जीता। अंडर-22 में तविश ने गोल्ड और निवरिक ने सिल्वर मेडल जीता। अंडर-23 में अध्यन ने गोल्ड और आरव ने सिल्वर मेडल जीता। अंडर-32 में रूद्रांश शर्मा ने गोल्ड, सातविक ने सिल्वर और किआन ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अंडर-41 किलो ग्राम वर्ग में अनंत ने गोल्ड, आर्ष ने सिल्वर और राघव ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। जूनियर वर्ग में अंडर-45 में ऋषभ ने गोल्ड, अंडर-48 में युवराज ने गोल्ड, अंडर-51 में प्रियांश सूद ने, अंडर-59 में धु्रव ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App