बरोटीवाला में एक लाख रुपए रिश्वत लेने की आरोपी पटवारी निलंबित, सर्टिफिकेट के लिए मांगे थे पैसे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार बरोटीवाला पटवार वृत्त की पटवारी को निलंबित कर दिया है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने पटवारी के निलंबन की पुष्टि की है। आरोपी पटवारी फिलहाल तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है। पटवारी को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बद्दी टीम ने सोमवार दोपहर बरोटीवाला स्थित उसके कार्यालय में रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने जमीन की सडक़ से दूरी दर्शाने वाला राजस्व प्रमाण पत्र जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपए मांगे थे।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस की बद्दी टीम ने जाल बिछाया और पटवारी को शिकायतकर्ता से एक लाख स्वीकार करते हुए मौके पर पकड़ लिया। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया था, जहां से अदालत ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तारी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी कर दिए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
