दशहरे के लिए देवताओं को भेजा न्योता, कुल्लू में 332 देवी-देवताओं को भेजे जाते हैं निमंत्रण, तैयारियां शुरू

By: Sep 4th, 2026 12:07 am

जिला संवाददाता-कुल्लू

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 की तैयारियां अब धीरे-धीरे रफ्तार पकडऩे लगी हैं। 20 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध देव समागम के लिए दशहरा उत्सव समिति कुुल्लू ने देवी-देवताओं को निमंत्रण पत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कई देवी-देवताओं के कारदारों तक निमंत्रण पत्र पहुंच भी चुके हैं। निमंत्रण मिलने के साथ ही देव समाज में दशहरा उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल बनने लगा है। दशहरा उत्सव समिति की ओर से करीब 332 देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजे जाते हैं।

इनमें मुआफीदार और गैर-मुआफीदार देवी-देवता विराजमान होते हैं। देवी-देवता कारदार संघ खंड आनी के प्रधान भागे राम राणा ने कहा कि दशहरा उत्सव समिति की ओर से आनी खंड के देवी-देवताओं को भी निमंत्रण पत्र मिल रहे हैं।

अब मंदिरों में शुरू होंगी बैठकें

निमंत्रण पत्र मिलने के बाद अब संबंधित देवी-देवताओं के मंदिरों में दशहरा उत्सव को लेकर बैठकें शुरू होंगी। देवताओं को उत्सव में ले जाने, देवलुओं और कारकूनों की व्यवस्था, यात्रा तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर आने वाले दिनों में मंदिर स्तर पर बैठकें और तैयारियां शुरू होने की उम्मीद है।

कारदार-कारकून खुश

देवी-देवता कारदार संघ कुल्लू के जिला महासचिव टीसी महंत ने बताया कि दशहरा उत्सव समिति कुल्लू की ओर से देवी-देवताओं को अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में विराजमान होने के लिए निमंत्रण पत्र मिलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि निमंत्रण पत्र मिलने के साथ ही कारदारों और कारकूनों में उत्साह है तथा अब दशहरा उत्सव को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू होंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App