स्कूटी सवार फीमेल हैल्थ वर्कर की मौत
नारीवाला के पास कार के टक्कर मारने पर हादसा ,छह माह के मासूम को दूध पिलाने जा रही थी घर, जांच तेज
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब उपमंडल में एक दर्दनाक सडक़ हादसा पेश आया है, जहां एक फीमेल हैल्थ वर्कर की सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह दुर्घटना पुलिस थाना पुरुवाला के तहत नारीवाला के समीप गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे पेश आई। मृतका की पहचान 36 वर्षीय पूनम पत्नी राजेंद्र निवासी अजौली पांवटा साहिब के रूप में हुई है। महिला कुंडियों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर फीमेल हेल्थ वर्कर तैनात थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने दो दिन पूर्व ही ड्यूटी ज्वाइन की थी। वह पिछले छह माह से मातृत्व अवकाश पर चल रही थी। जानकारी के अनुसार महिला स्कूटी पर सवार होकर अपने छह माह के बच्चे को दूध पिलाने घर जा रही थी।
इसी दौरान नारीवाला चौक पर राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर पांवटा साहिब की ओर से तेज गति से आ रही उत्तराखंड नंबर की कार ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक स्कूटी को लगभग 30 से 40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का हेलमेट भी टूट गया। सूचना मिलते ही पुरुवाला पुलिस थाना प्रभारी रमन शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतका अपने पीछे दो बेटियों और छह माह के मासूम बच्चे को छोड़ गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी कार चालक सतवीर सिंह सैनी के विरुद्ध पुलिस थाना पुरुवाला में धारा 281, 106 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है तथा पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
