स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए छात्रों ने दिखाए नवाचार

By: Sep 12th, 2026 12:52 am

महाराजा अग्रसेन यूनिवर्सिटी में आंतरिक हैकाथॉन, 19 टीमों ने तकनीकी समाधानों से दिखाई प्रतिभा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय बद्दी में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के लिए आयोजित आंतरिक हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने तकनीक के माध्यम से वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और इनोवेशन काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में 19 टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन, ऑगमेंटेड रियलिटी और स्मार्ट ऑटोमेशन आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें स्मार्ट खेती, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच, बैटरी निगरानी, किसानों के लिए खरीद व्यवस्था, भूस्खलन जोखिम पूर्वानुमान, शहरी सुरक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा और साइबर सुरक्षा से जुड़े समाधान शामिल रहे।

मूल्यांकन के बाद टीम मेघदूत ने प्रथम, ऑरामेड ने द्वितीय और प्रगीविजन ने तृतीय स्थान हासिल किया। ईवीआरआईसी, अंबेडकर विजन और माइंससेफ एआर संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहीं। एमएआईटी की निदेशक प्रो. डॉ. अपर्णा एन. महाजन ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। कुलपति प्रो. डॉ. प्रदीप सिंह वालिया ने नवाचार आधारित शिक्षा को समय की जरूरत बताया। प्रो-चांसलर प्रो. डॉ. आरके गुप्ता और कुलाधिपति नामित सुरेश गुप्ता ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रितिका शर्मा और डॉ. ममता ने किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App