बीजेपी में जाएंगे ममता के बागी सांसद, 20 में से 17 के शामिल होने का दावा, यूसुफ समेत तीन का बाहर से समर्थन

By: Sep 15th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— कोलकाता

ममता बनर्जी से अलग हुए टीएमसी के 20 बागी सांसदों में से 17 सांसद अक्तूबर में दुर्गा पूजा से पहले या बाद भाजपा में शामिल होंगे। रिपोर्ट के अनुसार कूच बिहार सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया ने यह दावा किया है। कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत में बसुनिया ने दावा किया कि हम 17 सांसद एक साथ बीजेपी में जा रहे हैं। चूंकि 20 सदस्यों में से दो-तिहाई से ज्यादा सांसद साथ जाएंगे, इसलिए दल-बदल कानून हम पर लागू नहीं होगा। बंगाल में टीएमसी की हार के बाद 14 जून को बागी सांसदों ने ममता का साथ छोड़ दिया था। इन सांसदों ने त्रिपुरा की स्थानीय पार्टी एनसीपीआई में विलय किया और एनडीए को समर्थन देने का ऐलान किया। अब ये सांसद सीधे भाजपा में शामिल होंगे।

हालांकि तीन सांसद- अबू ताहेर खान, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान भाजपा में शामिल हुए बिना बाहर से एनडीए का समर्थन करेंगे। उधर पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी इस दावे से दूरी बनाई। उन्होंने कहा कि केवल इच्छा जताने से कोई व्यक्ति बीजेपी में शामिल नहीं हो जाता। बीजेपी प्रवक्ता देबजीत सरकार ने भी ऐसी किसी जानकारी से इनकार किया।

ममता गुट ने बताया गद्दारों का काम

उधर, ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले टीएमसी खेमे के प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि बागी नेता भाजपा एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। कुणाल घोष ने कहाकि हम तो शुरू से ही यह कह रहे हैं कि उन्हें खुद नहीं पता कि आज वे कहां पहुंच गए हैं। उनका उद्देश्य भाजपा में शामिल होना है। हमने उन्हें दिल्ली में घर-घर जाकर भाजपा नेताओं से मिलते देखा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App