आज दिल्ली में किशाऊ डैम पर MoU साइन करेंगे मुख्यमंत्री, केंद्र ने मानी बात, 90 फीसदी लागत उठाने को तैयार

By: Sep 15th, 2026 12:01 am

अमित शाह के साथ पांच राज्यों, एक केंद्र शासित प्रदेश के सीएम की मीटिंग

प्रोजेक्ट पर केंद्र ने मानी प्रदेश की बात, 90 फीसदी लागत उठाने को तैयार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खूू शिमला से दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह मंगलवार को नई दिल्ली में किशाऊ डैम प्रोजेक्ट का एमओयू साइन करेंगे। यह एमओयू केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में साइन होगा, जिसमें पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं। हिमाचल सरकार को इस डैम को बनाने को लेकर अपनी शर्तें केंद्र सरकार से मनवाने की कामयाबी मिली है। इसलिए भी मुख्यमंत्री व्यक्तिगत तौर पर इस एमओयू के लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नई दिल्ली के जनपथ स्थित कत्र्तव्य भवन में ऊपरी यमुना बेसिन में किशाऊ बहुउद्देश्यीय परियोजना के निर्माण को लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली और राजस्थान के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के लिए आयोजित बैठक में भाग लेंगे। इस प्रोजेक्ट से हिमाचल को बिना लागत झेले फायदा होने वाला है।

लंबे समय से लंबित इस महत्त्वपूर्ण परियोजना पर केंद्र सरकार ने हिमाचल की प्रमुख मांग को स्वीकार करते हुए जल घटक की लागत का 90 फीसदी हिस्सा वहन करने पर सहमति जताई है। इससे परियोजना में हिमाचल पर पडऩे वाला वित्तीय बोझ काफी कम होगा। किशाऊ परियोजना टौंस नदी पर प्रस्तावित है और इसका लाभ हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड समेत संबंधित राज्यों को मिलेगा। परियोजना में 660 मेगावाट बिजली उत्पादन के साथ सिंचाई और जलापूर्ति का भी प्रावधान है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 15 हजार करोड़ रुपए बताई गई है। इसमें लगभग 2000 करोड़ रुपए का बिजली घटक है, जबकि जल घटक की बड़ी लागत अब केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने से हिमाचल के लिए परियोजना में भागीदारी अधिक आर्थिक रूप से व्यावहारिक होगी।

कल सीधे ऊना आएंगे सीएम, फिर हमीरपुर दौरा

मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली में एमओयू साइन करने के बाद बुधवार सुबह सीधे ऊना आएंगे, जहां 16 सितंबर को एंटी चिट्टा वॉकथॉन रखी गई है। यह इससे पहले तीन बार स्थगित की जा चुकी है। इसके बाद 18 सितंबर को मुख्यमंत्री का अपने चुनाव क्षेत्र नादौन जाने का कार्यक्रम भी है। 18 सितंबर को सुबह साढ़े 11 बजे चमराल पंचायत के दरियाल गांव में सधोडा पत्तन पुल का सीएम नींव पत्थर रखेंगे। सीएम अब शिमला में 18 सितंबर को उपलब्ध रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App