जागरा पांजवी पर कोटी में उमड़ा आस्था का सैलाब

By: Sep 15th, 2026 12:01 am

महासू देवता के दरबार में 300 ध्यानटियों ने नवाया शीश, चांदी का डोरिया और छतर किया भेंट

निजी संवाददाता-शिलाई
महासू देवता की आस्था और श्रद्धा से जुड़े पवित्र पर्व जागरा पांजवी के अवसर पर सोमवार को सिद्धपीठ कोटी गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कोटी गांव की करीब 300 ध्यानटियां महासू महाराज के दर्शन एवं स्नान के लिए देवालय पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धा स्वरूप चांदी का डोरिया और चांदी का छतर देवता को भेंट किया। ध्यानटियों के पहुंचने पर महासू मंदिर समिति और महासू सेवा समिति ने गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

देव परंपरा के अनुसार चांदी के डोरिया और छतर की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा के बाद इन्हें महासू महाराज को समर्पित किया गया। पूजा के दौरान देवमाली में देव हवा प्रकट हुई और देववाणी के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को सुख-शांति, खुशहाली व मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद दिया गया। मंदिर समिति ने करीब 300 ध्यानटियों को स्मृति स्वरूप तस्वीरें भी भेंट कीं। इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष कंवर सिंह राणा, भंडारी डॉ. हीरा सिंह नेगी, महासचिव उदय भारद्वाज, महासू सेवा समिति अध्यक्ष सतपाल राणा सहित पदाधिकारी, ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App