लॉ छात्रों ने जिला अदालत में समझी लोक अदालत की प्रक्रिया
नाहन। हिमालयन संस्थान कालाअंब के हिमाचल प्रदेश कॉलेज ऑफ लॉ के 30 विद्यार्थियों ने नाहन स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय का शैक्षिक दौरा किया। आदित्य भट्ट और कौशिकी शर्मा की देखरेख में हुए दौरे का उद्देश्य छात्रों को लोक अदालत, कानूनी सहायता और ट्रैफिक कानूनों की व्यावहारिक जानकारी देना था।
छात्रों ने अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय में न्यायाधीश के साथ लोक अदालत की अवधारणा और कार्यप्रणाली पर चर्चा की। इस दौरान अनुच्छेद 39ए, 42वें संविधान संशोधन, लोक अदालत के अवार्ड की कानूनी स्थिति और उनके अंतिम होने जैसे विषयों की जानकारी दी गई। साइबर कानून से जुड़े श्रेया सिंघल बनाम भारत संघ मामले पर भी चर्चा हुई। छात्रों ने सीजेएम कोर्ट का दौरा कर चालान प्रक्रिया समझी। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने फिजिकल और ई-चालान में अंतर तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्रक्रिया समझाई। दौरे से छात्रों को न्यायिक व्यवस्था और वैकल्पिक विवाद समाधान की व्यावहारिक समझ मिली।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
