HP WEATHER : सामान्य से दस फीसदी कम बारिश, 22 सितंबर से पूरे प्रदेश में साफ रहेगा मौसम

By: Sep 20th, 2026 12:03 am
january-warmest-night-in-shimla-after-32-years-temperature-rise-weather-alert

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर अग्रसर है। हिमाचल में 22 से 25 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान मानसून की औपचारिक विदाई हो सकती है। अब तक प्रदेश में सामान्य से दस फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में मानसून के दौरान औसतन 631 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 701 मिलीमीटर रहती है।

राज्य में पिछले दो दिनों से बारिश नहीं हुई है और शनिवार को भी अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 20 और 21 सितंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोडक़र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि हिमाचल में अभी मानसून की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन यह कमजोर है। राज्य से मानसून की विदाई की सामान्य तारीख 25 सितंबर के आसपास रहती है। इस साल जून के अंत में हिमाचल में मानसून का प्रवेश हुआ था।

सात जिलों में सामान्य से कम बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर, किन्नौर, कुल्लू, शिमला और सिरमौर में मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश हुई है। वहीं चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति, मंडी, सोलन और ऊना में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। शिमला जिले में सामान्य से सबसे अधिक 15 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है, जबकि लाहुल-स्पीति में सामान्य से 63 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। सितंबर में अब तक प्रदेश में सामान्य से सात फीसदी कम बारिश हुई है। इस दौरान कांगड़ा, किन्नौर, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App