चंबा में कांग्रेस का हल्ला बोल रैली में जमकर लगाए नारे

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

मताधिकार से खिलवाड़ पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने सोमवार को मुख्यालय में वोट चोरी के कथित मामलों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग उठाई। बारिश के बीच चौगान के कला केंद्र से शुरू हुई रैली में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। रैली शहर के बाजार से होते हुए मुख्य चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका।

प्रदर्शन की अगुवाई सदर विधायक नीरज नैयर और जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने की। प्रदर्शन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग को लेकर उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। इस मौके पर नीरज नैयर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश और प्रदेश में कथित वोट कटौती तथा मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर व्यापक मुहिम चल रही है। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि एक स्वतंत्र पड़ताल में सॉफ्टवेयर के माध्यम से बड़े पैमाने पर लोगों के वोट काटे जाने की बात सामने आई है। उनका दावा है कि इसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और एसडीएम तक को नहीं हो पा रही है।

वोट चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच की जाए
नीरज नैयर ने कहा कि वोट लोकतंत्र की नींव है और यदि नागरिकों को उनके मताधिकार से वंचित किया जाता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे, जिनमें से अधिकांश के वोट अपील के बाद बहाल हुए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग करते हुए कहा कि जांच पूरी होने तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल विशेष का मामला नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा सवाल है, जिसे लेकर विपक्षी दल एकजुट हैं। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App