दिल्ली से आई टीम ने देखे तबाही के निशान, बोह-भटियात पहुंचे अधिकारियों ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
मानसून के दौरान भारी बारिशए बाढ़ और भूस्खलन से तबाह हुए कांगड़ा जिले के शाहपुर स्थित बोह इलाके में सोमवार को केंद्र सरकार की छह सदस्यीय अंतर मंत्रालय टीम ने दस्तक दी। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव एम. रामचंद्रुडु के नेतृत्व में पहुंची इस उच्च स्तरीय टीम ने ग्राउंड जीरो पर जाकर तबाही के मंजर और नुकसान की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने न सिर्फ आपदा प्रभावितों का दर्द साझा किया, बल्कि प्रशासन और संबंधित विभागों से राहत एवं पुनस्र्थापना कार्यों की प्रगति की कड़ाई से समीक्षा भी की। दो दिवसीय हिमाचल दौरे पर आई केंद्रीय टीम का गगल हवाई अड्डे पहुंचने पर कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने स्वागत किया।
इसके तुरंत बाद हुई एक अहम बैठक में टीम को जिले में हुए भारी नुकसान, बेघर हुए परिवारों को दी गई फौरी राहत और विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे पुनस्र्थापना कार्यों का विस्तृत ब्यौरा सौंपा गया। अधिकारियों द्वारा तैयार किए गए नुकसान के आकलन की रिपोर्ट को भी केंद्रीय दल ने बारीकी से परखा। बैठक के बाद यह दल सीधे शाहपुर के बोह क्षेत्र के लिए रवाना हुआ। टीम ने पैदल मुआयना कर सडक़, पुल, पेयजल योजनाओं, कृषि भूमि और अन्य ग्रामीण संपत्तियों को पहुंचे नुकसान का आकलन किया।
पुनर्वास पर भी चर्चा
निरीक्षण के दौरान टीम ने अधिकारियों से भविष्य की जरूरतों और स्थायी पुनर्वास के रोडमैप पर भी गहन चर्चा की। इसके बाद टीम ने चंबा जिले में भी तबाही के निशानों का मुआयना किया। इस मौके पर एसडीएम कांगड़ा अंजलि गर्ग सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
स्टाफ रिपोर्टर — चुवाड़ी

अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (आईएमसीटी) ने सोमवार को मानसून-2026 के दौरान फ्लैश फ्लड, बाढ़ एवं भूस्खलन से भटियात क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। केंद्रीय टीम ने कालीघार, टिकर गला सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया तथा मौके पर हुए नुकसान और राहत एवं पुर्नस्थापना कार्यों की स्थिति की जानकारी हासिल की। अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम में जल शक्ति मंत्रालय के केंद्रीय जल आयोग के निदेशक प्रकाश चंद, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के गेहूं विकास निदेशालय, गुरुग्राम के निदेशक डा. सुभाष चंर्रा , ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक रामावतार मीणा, सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिशाषी अभियंता शाश्वत मोहपात्रा, वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के उप निदेशक कनव दुआ तथा राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र, इसरो के वैज्ञानिक डा. शशिवर्धन रेडडी शामिल रहे।
निरीक्षण के उपरांत अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने चुवाड़ी में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (आपदा प्रबंधन-द्वितीय) एवं आईएमसीटी के अध्यक्ष एम रामचंद्रुडू ने की। इस दौरान केंद्रीय टीम को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मानसून-2026 के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों जैसे सडक़, जल, विद्युत व्यवस्था, मकानों व भवनों के नुकसान एवं जान-माल की हानि सहित कृषि, पशुपालन एवं शिक्षा के क्षेत्र में हुए नुकसान तथा राहत एवं पुर्नस्थापना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में अतिरिक्त सचिव राजस्व सुनील वर्मा, उपमंडलाधिकारी भटियात मनीष सोनी, जय चंद, डा. कुलदीप जम्वाल, अनिल गुराडा, राकेश ठाकुर व नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
