सेब के दाम बढ़ाने को कैबिनेट में होगी चर्चा, नेगी बोले, एमआईएस के तहत खरीदे 10 हजार मीट्रिक टन फल
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल में एमआईएस के तहत सेब खरीद के दाम बढ़ाने को लेकर मामला कैबिनेट में भेजा जाएगा। सेब का एमआईएस के तहत समर्थन मूल्य 15 रुपए तक बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में कैबिनेट स्तर पर अब इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस वर्ष सेब उत्पादन में बड़ी गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 1.14 करोड़ सेब पेटियां बाजार में पहुंची हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक लगभग 1.76 करोड़ पेटियां मंडियों में आ चुकी थीं। मंडी मध्यस्थता योजना के तहत भी सेब खरीद में भारी कमी आई है। इस वर्ष अब तक करीब 10 हजार मीट्रिक टन सेब की खरीद हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय तक लगभग 76 हजार मीट्रिक टन सेब खरीदा जा चुका था।
नेगी के अनुसार पिछले वर्ष करीब 3 से 3.5 करोड़ पेटियों की बंपर फसल हुई थी, जबकि इस बार उत्पादन काफी कम है। उन्होंने कहा कि बरसात में हिमाचल प्रदेश को 3,000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। केंद्र से आपदा राहत के मुद्दे पर नेगी ने कहा कि वर्ष 2023 में प्रदेश को हुए 12,000 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान के एवज में केंद्र ने 2500 करोड़ रुपए देने की बात मानी थी, जिसमें 500 करोड़ रुपए राज्य को वहन करने हैं। उनके अनुसार वर्ष 2023 की राशि अब मिलनी शुरू हुई है, जबकि वर्ष 2025 में हुए नुकसान की राहत राशि अभी आना बाकी है।
पार्टी में अनुशासन सभी नेताओं पर लागू होता है
जिला किन्नौर कांग्रेस में चल रहे सियासी विवाद के बीच बागबानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के अनुशासनहीनता संबंधी बयान पर पलटवार किया है। श्री नेगी ने कहा कि पार्टी में अनुशासन केवल उन पर लागू नहीं होना चाहिए, बल्कि बयान देने वाले नेताओं पर भी समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्टी के सच्चे सिपाही के तौर पर अपनी बात पार्टी फोरम में रखी है और कांग्रेस के हितों से जुड़े मुद्दे उठाना किसी भी तरह अनुशासनहीनता नहीं है। जगत नेगी ने कहा कि जब पार्टी फोरम में हुई चर्चाएं सार्वजनिक होती हैं और उनसे बाहर सवाल पूछे जाते हैं, तो उनका जवाब देना भी जरूरी हो जाता है। उन्होंने कांग्रेस के संविधान और पार्टी के आदर्शों के अनुरूप संगठन को मजबूत करने की बात कही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
