itel ने लॉन्च किया नया फीचर फोन, 5 कॉन्टैक्ट्स को तुरंत अलर्ट करेगा SOS बटन

By: Oct 6th, 2026 11:08 am

नई दिल्ली। मोबाइल फोन बनाने वाली कंपनी itel ने भारत में नया फीचर फोन itel Care लॉन्च किया है। इस फोन को खासतौर पर सीनियर सिटिजन को ध्यान में रखकर बनाया गया है। फोन में इमरजेंसी के समय काम आने वाला SOS बटन दिया गया है। इसे दबाने पर फोन में सेव किए गए 5 कॉन्टैक्ट्स पर एसएमएस और कॉल की जा सकती है। फोन में बड़ी और आसानी से पढ़ी जा सकने वाली 2 इंच की डिस्प्ले, ड्यूल एलईडी टॉर्च, VGA कैमरा और 1,150mAh की बैटरी दी गई है। इसके अलावा कॉल के दौरान आवाज को साफ रखने के लिए AI ENC नॉइज रिडक्शन फीचर भी मिलता है।

itel Care की कीमत और उपलब्धता

भारत में itel Care की शुरुआती कीमत 1,499 रुपये रखी गई है। यह फोन ब्लैक, डार्क ग्रीन और ब्लू रंग में उपलब्ध है। बॉक्स में फोन के साथ एक प्रोटेक्टिव बैक कवर भी दिया जाता है। कंपनी फोन पर 1 साल की काउंटर रिप्लेसमेंट वारंटी दे रही है।

itel Care के फीचर्स

itel Care में 2 इंच की मैग्नीफाइड डिस्प्ले दी गई है, जिससे बड़े अक्षरों में जानकारी पढ़ना आसान हो जाता है। फोन के पीछे इमरजेंसी SOS बटन दिया गया है। जरूरत पड़ने पर इस बटन को दबाकर 5 कॉन्टैक्ट्स को एसएमएस और कॉल की जा सकती है। फोन में King Voice फीचर भी मिलता है। इसकी मदद से हिंदी और अंग्रेजी में टेक्स्ट को आवाज में सुना जा सकता है। यह सुविधा खासतौर पर बुजुर्गों के लिए उपयोगी हो सकती है।

1,150mAh की बैटरी और USB Type-C

फोन में 1,150mAh की बैटरी दी गई है। इसे चार्ज करने के लिए USB Type-C पोर्ट मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए सिंगल सिम, 2G, 3.5mm हेडफोन जैक और ब्लूटूथ जैसे विकल्प दिए गए हैं।

कैमरा और अन्य फीचर्स

फोटोग्राफी के लिए फोन में VGA कैमरा दिया गया है। इसके साथ ड्यूल एलईडी टॉर्च भी मिलती है। फोन में वायरलेस एफएम रेडियो और रिकॉर्डिंग की सुविधा भी मौजूद है। itel Care में 10 भाषाओं में यूजर इंटरफेस का सपोर्ट मिलता है, जबकि यह फोन 22 भाषाओं में पढ़ने की सुविधा देता है। इसमें फोटो डिस्प्ले सपोर्ट के साथ 500 कॉन्टैक्ट्स तक सेव किए जा सकते हैं।

फोन में 2030 बॉक्स स्पीकर, ऑडियो PA और AI ENC कॉल नॉइज रिडक्शन जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। स्टोरेज की बात करें तो इसमें 4MB RAM और 4MB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 32GB तक बढ़ाया जा सकता है। कुल मिलाकर, itel Care को खासतौर पर ऐसे यूजर्स के लिए तैयार किया गया है, जिन्हें फोन में आसान इस्तेमाल, तेज इमरजेंसी संपर्क और बड़े अक्षरों जैसी सुविधाओं की जरूरत होती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App