महिला पत्रकार से बदसलूकी के आरोपों वाला वीडियो निकला फर्जी, बीजेपी ने बोला हमला, राहुल गांधी से मांगा जवाब

By: Oct 7th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

नई दिल्ली में तीन अक्तूूबर को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकार से कथित बदसलूकी के मामले में नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी नेता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर एक कथित फर्जी एआई वीडियो के जरिए दिल्ली पुलिस के खिलाफ गलत नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में वीडियो को फर्जी और एआई से तैयार किए जाने की बात सामने आई है। प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि यह वीडियो नदीम अहमद नाम के एक स्वतंत्र कंटेंट क्रिएटर ने तैयार किया था। उनके मुताबिक, इसके बाद कांग्रेस से जुड़े कई लोगों और सोशल मीडिया हैंडल्स ने वीडियो को व्यापक रूप से प्रसारित किया।

भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाए थे। भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीडऩ की कोशिश का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि अब जब पुलिस की जांच में वीडियो के फर्जी होने की बात सामने आई है तो राहुल गांधी को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App