स्वास्थ्य-शिक्षा सरकार की प्राथमिकता, CM बोले, मेडिकल एजुकेशन मजबूत करने के किए जा रहे प्रयास

By: Oct 7th, 2026 12:07 am

एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में बोले सीएम सुक्खू, मेडिकल एजुकेशन मजबूत करने के किए जा रहे प्रयास

कार्यालय संवाददाता — बिलासपुर

एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही राज्य में उपलब्ध हों, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को प्रदेश से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि हिमाचल की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं, कैंसर उपचार और सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। एम्स दिल्ली की तर्ज पर 3-टेस्ला एमआरआई, पीईटी स्कैन, हाई-एंड एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि वल्र्ड क्लास हेल्थ सर्विसेज केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश के दूरदराज और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी इनका लाभ मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाए हैं। सरकार चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूत करने के साथ नई तकनीक को स्वास्थ्य व्यवस्था का हिस्सा बना रही है।

320 पीजी सीटें बढ़ाएंगे

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से प्रदेश के लिए अतिरिक्त पीजी सीटों के विस्तार में सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए करीब 320 अतिरिक्त पीजी सीटें बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र की पीजी सीटों के विस्तार की पहल का उल्लेख करते हुए हिमाचल को भी इसका लाभ देने का आग्रह किया।

हमीरपुर में शुरू किया एलाइड हैल्थ कोर्सेज कॉलेज

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल और एलाइड हैल्थ केयर शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमीरपुर में उत्तर भारत का पहला एलाइड कोर्सेज कॉलेज शुरू किया गया है, जिसमें 244 सीटों का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेडियोग्राफर, ऑपरेशन थियेटर तकनीशियन समेत अन्य पैरामेडिकल विशेषज्ञों की कमी को दूर करने के लिए इन पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आईजीएमसी और टीएमसी में भी एलाइड हैल्थ कोर्सेज शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कैंसर उपचार और सुपर स्पेशलिस्ट सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को चंडीगढ़ या अन्य बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

भाखड़ा बांध के लिए बिलासपुर के लोगों का बलिदान

मुख्यमंत्री ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के विकास के विजन को लेकर कहा कि भाखड़ा बांध के लिए बिलासपुर के लोगों ने बलिदान किया है। बिलासपुर के लोगों के बलिदान के चलते ही आज भाखड़ा बांध कई राज्यों को रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लोग आज भी विस्थापन का दंश झेल रहे हैं। कहा कि भाखड़ा बांध विकास और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक है। भाखड़ा बांध के निर्माण में बिलासपुर के लोगों के त्याग और योगदान भी महत्त्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हिमाचल आगमन और एम्स के ऐतिहासिक प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले भविष्य के स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App