एबीवीपी ने जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन
चंबा कालेज में विभिन्न विषयों के रिक्त प्रवक्ताओं के पद जल्द भरने की उठाई मांग
नगर संवाददाता-चंबा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की चंबा इकाई प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय महाविद्यालय चबा में विभिन्न विषयों के प्रवक्ताओं के पद लंबे समय से रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल के माध्यम से प्रदेश सरकार व उच्च शिक्षा विभाग को ज्ञापन प्रेषित किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार व विभाग ने इस मांग पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो विद्यार्थी परिषद छात्र हित के मद्देनजर उग्र धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की रहेगी। प्रतिनिधिमंडल की अगवाई करते इकाई अध्यक्ष तुषार मैहता ने कहा कि कालेज में समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, शारीरिक शिक्षा तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों के प्राध्यापक उपलब्ध नहीं हैं। प्रवक्ताओं के न होने से विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि समाजशास्त्र में प्रवक्ता न होने से करीब 300 से 350, लोक प्रशासन में 250 से 300, शारीरिक शिक्षा में लगभग 300 से 330 और जेएमसी संकाय में 40 से 50 छात्रों का शैक्षणिक भविष्य अधर में लटका हुआ है। अध्यापकों के अभाव का सीधा नकारात्मक असर छात्रों की नियमित पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों पर पड़ रहा है। तुषार ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इन सभी आवश्यक रिक्त पदों को समयबद्ध तरीके से शीघ्र भरा जाए। इस मौके पर काफी तादाद में परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
