सडक़ पर सामान फैलाया तो पुलिस ने हटाया
त्योहारों से पहले बाजार में पुलिस ने अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग पर कसा शिकंजा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
शहर के मुख्य बाजार को दुकानदारों के अतिक्रमण से मुक्त करवाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। डीएसपी हेडक्वार्टर बलदेव दत्त की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान दुकानदारों को निर्धारित सीमा में सामान रखने और वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा सडक़ तक सामान फैलाने और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों में बढऩे वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यह अभियान चलाया। गुरुवार दोपहर बाद पुलिस टीम ने चौंतड़ा वाया मेडिकल कॉलेज मार्ग सहित मुख्य बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान सडक़ पर रखा दुकानदारों का सामान हटवाया गया और भविष्य में सडक़ पर सामान न रखने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने इस दौरान वाहनों की चेकिंग भी की और चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों में हडक़ंप मचा रहा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
