मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ चंबा में कांग्रेस का प्रदर्शन
दिल्ली में नेताओं को हिरासत में लेने पर कांग्रेस का हल्ला बोल, उपायुक्त कार्यालय के बाहर जमकर लगाए नारे, काली पट्टियां बांध कर किया विरोध
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
जिला कांग्रेस कमेटी चंबा ने गुरुवार को दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर लखदाता पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने की। सुरजीत भरमौरी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेता लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बल का इस्तेमाल कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कथित धक्का-मुक्की और दुव्र्यवहार को उन्होंने निंदनीय बताया। चुराह के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए दमन का सहारा ले रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त पद से इस्तीफा नहीं देते, प्रदर्शन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
जनता के बीच पहुंचकर मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दें उठाएं
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच पहुंचकर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों को उठाने का आह्वान किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस चंबा अध्यक्ष ओमप्रकाश, जिला महासचिव नरेश राणा, लियाकत खान, कपिल भूषण, भानू प्रताप सिंह, सेवादल अध्यक्ष भूपेंद्र शर्मा राजू, महासचिव महेंद्र ठाकुर, अजय जरयाल, वरिष्ठ नेता जगदीश हांडा, खालिद मिर्जा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष बंटू सोनी, चमन शर्मा, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजू कुमारी, निशा कुमारी और रजनी देवी सहित विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
