गोरखा बाबा मंदिर में सोने के आभूषण समेत दानपात्र चोरी
36 घंटे बाद ही चोरों ने दिया चोरी की वारदात को अंजाम, लोगों में दहशत का माहौल
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
गगरेट में मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हुए चोरों ने महज 36 घंटे के भीतर गोरखा बाबा मंदिर को दूसरी बार निशाना बना दिया। बुधवार देर रात चोर मंदिर के ताले तोडक़र अंदर घुसे और माता रानी को पहनाई गई सोने की नथ, कोका और सोने की चेन समेत तांबे और पीतल के कई सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिर परिसर में रखा दानपात्र भी उठा ले गए। गुरुवार सुबह मंदिर के पुजारी प्रवेश शर्मा जब मंदिर खोलने पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर के अंदर जाकर देखा तो शिवलिंग पर चढ़ाई गई तांबे की गिलहरी भी उखाडक़र गायब थी। इसके अलावा कृष्ण मंदिर में माता रानी को पहनाई गई सोने की नथ, कोका और सोने की चेन भी चोरी हो चुकी थी। चोर मंदिर में रखा दानपात्र भी अपने साथ ले गए। खास बात यह है कि मंगलवार को भी चोर इसी मंदिर से दानपात्र चोरी कर ले गए थे। बाद में खाली दानपात्र मंदिर के पास झाडय़िों में मिला था। अब चोर उस खाली दानपात्र को भी दोबारा उठा ले गए। इसके साथ ही मंदिर परिसर में रखी तांबे की गड़वियां, बाबा बालक नाथ मंदिर में रखा पीतल का कमंडल और घंटियां भी चोरी कर ली गईं। ग्राम पंचायत के उपप्रधान आशीष शर्मा ने पुलिस से मंदिर में हुई दोनों चोरियों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
टक्का में 5.49 ग्राम चिट्टे सहित युवक गिरफ्तार, केस किया दर्ज
ऊना। ऊना पुलिस थाना क्षेत्र के तहत टक्का में पुलिस ने एक युवक को 5.49 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नरेश कुमार निवासी बडसाला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बतां दे कि पुलिस ने दो दिन पहले भी क्षेत्र में एक युवक को चिटटे सहित गिरफ्तार किया था। उसी युवक से पूछताछ़ के बाद अब टक्का से नरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार एसएचओ ऊना गौरव भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को चिट्टे सहित पकड़ा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसपी ऊना सचिन हिरेमथ ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और नशे के नेटवर्क को तोडऩे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
