दस पंचायतों को स्वर्ण पदक, नौ को रजत और 68 पंचायतों को मिला कांस्य सम्मान

By: Oct 9th, 2026 12:55 am

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने बांटे पदक, एनसीसी कैडेट्स और युवा वॉलंटियर अब बढ़ाएंगे जागरूकता अभियान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला हमीरपुर में भी 87 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। इन 87 ग्राम पंचायतों में से दस ग्राम पंचायतों में पिछले तीन वर्षों से टीबी का कोई भी मामला सामने नहीं आने पर इन्हें स्वर्ण पदक पुरस्कार के लिए चुना गया है। पिछले दो वर्षों से टीबी का कोई भी नया मामला न मिलने पर 9 पंचायतों को रजत पदक पुरस्कार और एक वर्ष से टीबी का कोई भी नया केस न मिलने पर 68 पंचायतों को कांस्य पदक पुरस्कार के लिए चुना गया है। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने गुरुवार को बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन 87 ग्राम पंचायतों को ये पुरस्कार प्रदान किए। इस कार्यक्रम में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ही जोश (ज्वाइंट स्क्वायड फॉर हेल्थ) टीमों का शुभारंभ भी किया गया। एनसीसी कैडेटों और अन्य युवा वॉलंटियरों की ये टीमें जिला में टीबी मुक्त अभियान में सक्रिय योगदान देंगी। इस अवसर पर सभी टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि वे अपनी-अपनी पंचायतों को भविष्य में भी टीबी मुक्त बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हुए सभी लोगों को जागरुक करें। उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘जोश’ टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में एनसीसी कैडेटों और अन्य युवा वॉलंटियरों को शामिल किया गया है।

ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय अत्री, सभी बीएमओ और विभाग के अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कांस्य पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें

बल्ह बिहाल, बड़ाग्राम, दलचेड़ा, दांदड़ू, ग्यारहग्रां, जुनेहन, ज्योली देवी, जोड़े अंब, कलवाल, कनोह, कड़साई, महारल, पटेरा, समैला, समताणा कलां, सठवीं, दाड़ी, ढनवान, करहा, पपलाह, पट्टा, फरनोल, गोईस, कश्मीर, मंझेली, नाल्टी, पनियाली, सनाही, सरेड़ी, ऊट्टप, हड़ेटा, मक्कड़, घलूं, मालग, करेर, लहड़ा, कोटला चिल्लियां, कंडरोला प्लासी, गौना, हथोल, जोल सप्पड़, भदरोल, बैहरड़, कमलाह, मझियार, रैल, भेरड़ा, बनाल, पनोह, मनिहाल, बफड़ीं, बजूरी, बल्ह, बलोह, बारीं, बरोहा, बोहनी, देई का नौण, धलोट, गसोता, ख्याह लोहारियां, नेरी, पंधेड़, सराकड़, सिकांदर, टिब्बी, उहल और उटपुर शामिल हैं।

रजत पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें

घंगोट कलां, झंजियानी, बधानी, महल, पंजोत, रोहवीं, गाहली, नारा और स्पाहल

जिला हमीरपुर की स्वर्ण पदक पुरस्कार विजेता ग्राम पंचायतें
ग्राम पंचायत बणी, कियाराबाग, भगेटू, कक्कड़ (भोरंज ब्लॉक), चंगर, जंगल (सुजानपुर ब्लॉक), चारियां दी धार, लग-कढियार, पुरली और स्वाहल


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App