अतिक्रमण पर ‘एक्शन’, सडक़ से सामान-बोर्ड हटाए

By: Oct 9th, 2026 12:52 am

बार-बार चेतावनी के बाद नगर परिषद सुजानपुर सख्त, पुलिस के साथ मिलकर चलाया अभियान
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सुजानपुर बाजार में अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद एक बार फिर सख्त नजर आई। सडक़ और पैदल चलने वाले रास्तों पर सामान सजाकर रास्ता घेरने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर परिषद और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। नगर परिषद की टीम जैसे ही बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो कुछ स्थानों पर कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में हलचल और विरोध की स्थिति भी देखने को मिली। हालांकि नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि नियम सभी के लिए एक समान हैं और यदि सडक़ या रास्ते पर अतिक्रमण होगा, तो उसे हटाया भी जाएगा। गुरुवार को नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा अपनी टीम के साथ सुजानपुर बाजार पहुंचे। नगर परिषद की गाड़ी बाजार के बीचों-बीच पहुंची और टीम ने सडक़ किनारे तथा पैदल चलने वाले रास्तों पर रखे सामान और दुकानों के बाहर लगाए गए बोर्ड हटवाए। नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को कुछ दिन पहले ही चेतावनी दी गई थी कि दुकानों के बाहर सडक़ और पैदल रास्ते पर किसी भी प्रकार का सामान न रखा जाए। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर परिषद की टीम को देखते ही अपना सामान स्वयं दुकानों के भीतर रख लिया।
सामान जब्त भी किया
कुछ दुकानदारों का सडक़ पर रखा सामान टीम ने हटवाया और कुछ सामान जब्त भी किया गया। दुकानों के बाहर सडक़ पर रखे बोर्डों को भी हटाया गया।
पहले भी समझाया
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने कहा कि दुकानदारों को पहले भी समझाया जा चुका है, लेकिन कुछेक दुकानदार अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य किसी दुकानदार को परेशान करना नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App