बिलासपुर में 151 ग्राम चिट्टे के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
धराड़सानी फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ी खेप
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम (एसडीटी) ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धराड़सानी फोरलेन सडक़ पर 151.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना झंडूता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार गुरूवार 8 अक्तूबर को एसडीटी बिलासपुर ने धराड़सानी फोरलेन पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पंजाब की कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार तीन व्यक्तियों के कब्जे से 151.33 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह (40), जोवन जीत सिंह (25) और गुरचंट सिंह (32) के रूप में की है। तीनों न्यू कृपा नगर, नारायणगढ़, स्याटा, तहसील एवं जिला अमृतसर, पंजाब के रहने वाले बताए गए हैं। वही इन तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई है। वहीं पुलिस अब बरामद चिट्टे के स्रोत का पता लगाने के साथ ही इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। जिला बिलासपुर के एसपी अभिषेक धिमान ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नशे की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज
शाहतलाई। पुलिस थाना तलाई में बकैण निवासी भाग देई की शिकायत पर गाली-गलौच, मारपीट, रास्ता रोकने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच एवं कार्रवाई में जुटी है।
आठ बोतल शराब की बरामद
चांदपुर। पुलिस थाना सदर की टीम ने पट्टा में एक करियाना दुकान पर दबिश देकर अवैध शराब की आठ बोतलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार निवासी सिहड़ा की दुकान पर रेड के दौरान संतरा मार्का शराब बरामद हुई। इस संबंध में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
