बडग़ांव में फलदार पौधों का बागीचा तैयार
वार्ड नंबर एक में वीबीजी राम जी योजना का मिला लाभ, ग्रामीणों की आर्थिकी होगी मजबूत
निजी संवाददाता-बरठीं
ग्राम पंचायत बडग़ांव के वार्ड नंबर एक में वीबीजी राम जी योजना के तहत एक भव्य फलदार पौधों का बागीचा तैयार किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने वाले इस अनूठे बगीचे में नींबू, मौसम्मी, लीची और अमरूद जैसे उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधे लगाए गए हैं। पंचायत प्रधान मंगल ठाकुर ने बताया कि उक्त योजना का मुख्य उद्देश्य पंचायत को पूरी तरह से हरा-भरा बनाना, पर्यावरण का संरक्षण करना और स्थानीय ग्रामीणों की आर्थिकी को एक मजबूत आधार देना है। उन्होंने कहा कि इस बंजर पड़ी भूमि पर बगीचा विकसित होने से आने वाले समय में न केवल किसानों की आय में भारी वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए और पौधों की उचित देखरेख सुनिश्चित करने के लिए मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को तैनात किया गया है।
इसके साथ ही पौधों की नियमित सिंचाई और उनकी सुरक्षा के लिए भी पंचायत स्तर पर पुख्ता और उचित प्रबंध किए गए हैं। पंचायत के इस सराहनीय प्रयास से स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह का माहौल है और सभी ने इस पहल का खुलकर स्वागत किया है। इस पूरे कार्य को शुरू से लेकर अंत तक पंचायत की कड़ी देखरेख में पूरा किया गया। वहीं, कार्य समाप्ति पर पंचायत प्रधान ने स्वयं बागीचा स्थल पर जाकर चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस विशेष मौके पर पंचायत सदस्य जितेंद्र पाल, नवीन कुमार, पवन कुमार, नंदकिशोर, देवराज, कुलदीप चंद सहित भारी संख्या में अन्य स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
