एक दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगी मिड-डे मील वर्कर

By: Oct 11th, 2026 12:54 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
मिड-डे मील वर्कर यूनियन की जिला कमेटी ने एक दिसंबर को दिल्ली में होने वाले मजदूर प्रतिरोध कार्यक्रम में भाग लेने का निर्णय लिया है। शनिवार को किसान मजदूर भवन, कैथू में शांति देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में शिक्षा निदेशक की 24 सितंबर, 2026 को जारी 12 महीने के वेतन संबंधी अधिसूचना को वापस लेने और हर महीने वेतन जारी करने की मांग उठाई गई। सीटू के राज्य उपाध्यक्ष अजय दुल्टा, जिला कोषाध्यक्ष बालक राम और सचिव रमाकांत मिश्रा ने बताया कि दिल्ली में ‘मजदूरों! घेरो दिल्ली’ कार्यक्रम के तहत मार्च निकाला जाएगा।

यूनियन ने चार श्रम संहिताएं वापस लेने, स्कीम वर्करों को मजदूर का दर्जा देने, 42 हजार रुपये न्यूनतम वेतन और 21 हजार रुपये न्यूनतम पेंशन देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा रिक्त पद भरने, ठेका मजदूरों को नियमित करने और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में रंजीव कुठियाला, राज मिला, पुष्पा शर्मा, सुलक्षणा ठाकुर, सुनीता देवी, कौशल्या, रीना, श्रीकांत, जय सिंह, दिनेश, कृष्ण लाल, कविता, योजना और मीरा सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App