उद्योगों में माल ढुलाई को लेकर पूर्व विधायक बलवीर सिंह और सतीश गोगी आमने-सामने

By: Oct 11th, 2026 12:54 am

पूर्व विधायक ने पुलिस से मांगी ट्रकों की सुरक्षा, तो सैकड़ों ट्रक ऑपरेटर गोगी के समर्थन में पुलिस पहुंचे, आरोपों को बताया बिलकुल निराधार

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
औद्योगिक क्षेत्र में माल ढुलाई को लेकर न्यू विशाल हिमाचल ट्रांसपोर्ट सोसायटी गगरेट के अध्यक्ष एवं जिला ट्रक ऑपरेटर संघ के प्रधान सतीश गोगी और पूर्व विधायक बलवीर सिंह आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व विधायक ने अपने उद्योग के ट्रकों को जबरन रोकने और चालकों के साथ मारपीट की आशंका जताते हुए पुलिस थाना गगरेट में शिकायत सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। वहीं, सतीश गोगी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों के रोजगार का मुद्दा उठाया है। शुक्रवार को सतीश गोगी के नेतृत्व में सैकड़ों ट्रक ऑपरेटर पुलिस थाना पहुंचे, लेकिन पूर्व विधायक के थाने में उपस्थित न होने के कारण दोनों पक्षों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी। सतीश गोगी ने कहा कि उद्योगों का मुख्य काम उत्पादन करना और मुनाफा कमाना है, न कि अपने ट्रक चलाकर स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के रोजगार पर कब्जा करना। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक जिस उद्योग में साझेदार हैं, वहां लंबे समय से अपने ही ट्रकों से माल ढुलाई की जा रही है। इससे ट्रांसपोर्ट सोसायटी के पास काम लगातार कम हो रहा है और स्थानीय ट्रक ऑपरेटरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटरों ने वाहन खरीदने के लिए लाखों रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा वाहनों की किस्तें, रख-रखाव और अन्य खर्च भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में पर्याप्त काम नहीं मिलने से ऑपरेटरों के लिए अपने परिवारों का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। वहीं उन्होंने इस दौरान अपना पक्ष रखा।

700 ट्रक ऑपरेटरों के सामने रोजी-रोटी का संकट

सतीश गोगी ने दावा किया कि मौजूदा समय में करीब 700 ट्रक ऑपरेटर आजीविका के संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ स्थानीय ट्रांसपोर्टर आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग करोड़ों रुपये का कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास का लाभ स्थानीय लोगों और ट्रक ऑपरेटरों को भी मिलना चाहिए। उद्योगों में माल ढुलाई के काम में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।

पूर्व विधायक बोले, ट्रकों को नुकसान पहुंचाने की आशंका

वहीं, पूर्व विधायक बलवीर सिंह ने कहा कि ट्रांसपोर्ट सोसायटी की बैठक में केवल उनके उद्योग का जिक्र किया गया था। इससे उन्हें आशंका है कि उनके उद्योग के ट्रकों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी एक उद्योग में मारपीट की घटना हो चुकी है। इसी आशंका के चलते उन्होंने पुलिस थाना गगरेट में शिकायत सौंपकर अपने ट्रकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

निराधार आरोप लगाकर गुमराह करने का आरोप
सतीश गोगी ने आरोप लगाया कि सोसायटी के खिलाफ निराधार आरोप लगाकर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रक ऑपरेटर लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से माल ढुलाई का काम कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के हितों की रक्षा करते हुए उनके सामने पैदा हुए आर्थिक संकट का समाधान निकालने की मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App