पुलिस को सेल्यूट…स्नैचिंग के आरोपी अरेस्ट
गगरेट के दियोली में महिला बालियां छीन कर भागने के बाद किए गिरफ्तार,सीसीटीवी फुटेज के सहारे पंजाब से खींच लाई पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर,गगरेट
कानून के हाथ लंबे होते हैं, यह गगरेट पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिखाया है। उपमंडल गगरेट के दियोली गांव में एक महिला की सोने की बालियां छीनकर फरार हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने हिमाचल प्रदेश और पंजाब में दबिश देकर उन्हें पकडऩे में सफलता हासिल की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी को भी जब्त कर लिया है। इसके अलावा एक आरोपी की निशानदेही पर वारदात के दौरान पहनी गई कमीज भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गगरेट थाना लाया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर लूटी गई बालियों की बरामदगी और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, दियोली गांव में महिला से सोने की बालियां छीनने की वारदात के बाद गगरेट पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। पुलिस ने घटनास्थल और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में आरोपी तलवाड़ा तक जाते हुए दिखाई दिए, लेकिन इसके आगे वे कहां गए, इसका स्पष्ट सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने हिम्मत नहीं हारी और अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश जारी रखी।
पुलिस ने कांगड़ा के बरनाली गांव में दी दबिश
जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिली कि वारदात में शामिल आरोपी पंजाब के साथ लगते हिमाचल के क्षेत्र से हो सकते हैं। इसके बाद एसएचओ रमेश चंद के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए रणनीति तैयार की। शनिवार सुबह कांगड़ा की जसवां-कोटला तहसील के बरनाली गांव में दबिश दी गई। यहां से पुलिस ने शिव कुमार पुत्र राकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त कर ली। इसके साथ ही वारदात के दिन उसके द्वारा पहनी गई कमीज भी बरामद की गई। पुलिस ने इन साक्ष्यों को जांच में शामिल करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
बालियों की बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड मांगेगी
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने दियोली में महिला से बालियां छीनने के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लूटी गई सोने की बालियां बरामद की जा सकें। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी इससे पहले किसी अन्य चोरी या लूट की वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों और दबिश को अहम सफलता माना जा रहा है।
दूसरे आरोपी को पकडऩे के लिए पंजाब पहुंची पुलिस
पहले आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के होशियारपुर जिले की तलवाड़ा तहसील के अंतर्गत भंबो थार गांव में दबिश दी। यहां से पुलिस ने दूसरे आरोपी अनुराग चौधरी उर्फ भोंगा को गिरफ्तार कर लिया। वह कांगड़ा जिले की जसवां-कोटला तहसील के रिहाड़ी कुठेड़ा गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गगरेट थाना ले आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
