सोलन-सुबाथू मार्ग पर मेटलिंग का काम शुरू
यातायात जाम से लोगों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी , सडक़ पर रोजाना गुजरती हैं दर्जनों गाडिय़ां, दिनचर्या बाधित
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
सोलन-सुबाथू मार्ग पर सडक़ की मेटलिंग का कार्य लोगों के लिए सुविधा के साथ परेशानी का कारण भी बन रहा है। सडक़ पर निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है और कई बार वाहनों की आवाजाही धीमी पडऩे से जाम जैसी स्थिति बन रही है। इससे इस मार्ग से रोजाना सफर करने वाले लोगों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोलन-सुबाथू मार्ग जिला की आधे से अधिक आबादी को जिला मुख्यालय से जोडऩे वाला मार्ग है और यह मार्ग लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण रास्ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों निजी वाहनों, दोपहिया वाहनों, टैक्सियों और बस व ट्रक सहित अन्य वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में सडक़ पर मेटलिंग का कार्य चलने के कारण यातायात प्रभावित होने से लोगों कंी दिनचर्या पर भी असर पड़ रहा है। खासकर जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई।
हालांकि, सडक़ पर मेटलिंग का कार्य पूरा होने के बाद मार्ग की स्थिति में सुधार आने और वाहन चालकों को बेहतर सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है। सडक़ की गुणवत्ता में सुधार से लोगों को लंबे समय समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी, लेकिन फिलहाल निर्माण कार्य के दौरान यातायात संबंधी परेशानियां सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ की मरम्मत और सुधार जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखना भी महत्वपूर्ण है। सडक़ निर्माण का कार्य शुक्रवार देर शाम आरंभ किया गया। इसके चलते दोहरी दीवार से सुबाथू मार्ग पर यातायात को पूर्णत: बंद कर दिया गया और आवाजाही के लिए पावर हाऊस रोड से गुरुद्वारा की ओर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। डायवर्ट मार्ग के छोटे होने और दोनों ओर से बड़े व छोटे वाहनों की अधिकता के चलते रात आठ बजे के करीब जाम की स्थिति बन गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
