वर्दी की आड़ में तस्करी का खेल, पंजाब पुलिस कर्मी से पकड़ी 15 किलो हेरोइन, चैकिंग के दौरान धरा
निजी संवाददाता-फिरोजपुर
पंजाब में नशे की तस्करी पर नकेल कसने के बड़े-बड़े दावों की पोल खोलता एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी बरत रही सीमा सुरक्षा बल की टीम ने पंजाब पुलिस के ही एक जवान को करोड़ों रुपये मूल्य की 15 किलो हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया सिपाही कोई सामान्य पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि अति विशिष्ट व्यक्तियों के सुरक्षा काफिले में चलने वाली जैमर गाड़ी पर तैनात था। खाकी की आड़ में चल रहे इस काले कारोबार के उजागर होने से पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल जवानों ने सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित एक चेकपॉइंट पर रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान तरनतारन जिले के गांव भूसा निवासी करनबीर सिंह के रूप में हुई, जो पंजाब पुलिस में बतौर जवान कार्यरत है।
जब गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली गई, तो उसमें से 15 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीमा सुरक्षा बल अधिकारियों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद सराय अमानत खान थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी जवान को औपचारिक रूप से हिरासत में ले लिया। पड़ताल में सामने आया है, कि आरोपी करनबीर सिंह पहले भी इसी सीमावर्ती थाने में मुंशी के पद पर तैनात रह चुका था। सीमा पार के रास्तों की बेहतर समझ और सुरक्षा ड्यूटी का रुतबा होने के कारण वह पुलिस चेकिंग से आसानी से बच निकलता था। अपनी इसी खाकी वर्दी और पहचान का गलत इस्तेमाल कर वह लंबे समय से नशे के इस जाल को बेखौफ होकर फैला रहा था। फिलहाल सराय अमानत खान थाना पुलिस आरोपी सिपाही को रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
