धर्मशाला साई एनसीओई में लौटेगा एथलेटिक्स का दौर, लगातार पदकवीर देने वाले मैदान का ट्रैक था खामोश
20 लड़कियों के लिए गैर आवासीय सीटें
लगातार पदकवीर देने वाले मैदान का एथलेटिक्स ट्रैक था खामोश
‘दिव्य हिमाचल’ ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
स्टाफ रिपोर्टर— धर्मशाला
धर्मशाला स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (साई एनसीओई) में एथलेटिक्स को फिर से मजबूत करने की दिशा में कदम उठाया गया है। केंद्र में जारी सत्र से 20 लड़कियों के लिए गैर आवासीय एथलेटिक्स सीटें शुरू की जाएंगी। इससे पहले एशियन गेम्स में भारत की कैप्टन सहित तीन बेटियों ने गोल्ड, जबकि एथलेटिक्स में यहां से अभ्यास कर निकली सीमा ने ब्रांज मेडल अपने नाम किया था। धर्मशाला में एथलेटिक्स को खत्म किए जाने का मुद्दा ‘दिव्य हिमाचल’ की ओर से प्रमुखता से उठाने के बाद इसे दोबारा शुरू करने से खेल प्रतिभाओं के लिए राहत भरा कदम है। साथ ही गैर-अवासीय के बाद अब अवासीय एकेडमी भी शुरू किए जाने की दिशा में उम्मीद बंध गई है। साई एनसीओई धर्मशाला के सहायक निदेशक जेपी साहनी ने कहा कि केंद्र के लिए यह गर्व का क्षण है।
एथलेटिक्स अनुशासन को पुनर्जीवित करने के साथ लड़कियों के लिए 20 गैर आवासीय सीटें शुरू होने से क्षेत्र की उभरती खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे केंद्र में एथलेटिक्स को फिर से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। गौरतलब है कि धर्मशाला में एथलेटिक्स अनुशासन को खत्म किए जाने का मामला ‘दिव्य हिमाचल’ ने प्रमुखता से उठाया था। इतना ही नहीं धर्मशाला के अभ्यास से लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी मेडल जीत रहे थे। अब लड़कियों के लिए 20 गैर-आवासीय सीटें शुरू करने के फैसले से नई उम्मीद मिली है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
