अपना घर बनाने का सपना अटका फील्ड रिपोर्ट के फेर में 200 नक्शे

By: Oct 30th, 2026 12:53 am

एपी ब्रांच में कर्मचारियों की कमी से फील्ड रिपोर्ट में देरी, तीन से चार महीने तक लटक रही प्रक्रिया
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में अपना घर बनाने की तैयारी कर रहे लोगों को भवनों के नक्शे पास करवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। नगर निगम की आर्किटेक्चर प्लानिंग (एपी) ब्रांच में फील्ड रिपोर्ट तैयार होने में देरी के कारण करीब 200 भवनों के नक्शे अटके हुए हैं। स्थिति यह है कि कई नक्शे न तो सिंगल अंब्रेला कमेटी तक पहुंच पा रहे हैं और न ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीसीपी) के सॉफ्टवेयर पर अपलोड हो रहे हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण फील्ड निरीक्षण में देरी हो रही है, जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। भवनों के नक्शे पास करवाने के लिए संबंधित विभागों की रिपोर्ट और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य है।

नगर निगम की एपी ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों की फील्ड रिपोर्ट मिलने के बाद ही नक्शे को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जा सकता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) लेने के लिए भी फील्ड रिपोर्ट की जरूरत पड़ती है। ऐसे में रिपोर्ट तैयार होने में देरी से पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। नक्शे पास करवाने वाले लोगों के मुताबिक, फील्ड निरीक्षण के लिए एपी ब्रांच के कनिष्ठ अभियंता (जेई) से समय लेना पड़ता है। कई बार निर्धारित समय पर कर्मचारी निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचते। इसके बाद दोबारा समय लेने और निरीक्षण करवाने में अतिरिक्त वक्त लग जाता है। इससे उन लोगों की परेशानी बढ़ रही है, जिन्होंने निर्माण के लिए दस्तावेज और अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं।

तीन से चार महीने में पूरी हो रही औपचारिकता
फील्ड रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में करीब तीन से चार महीने लग रहे हैं। इसके बाद नक्शा सिंगल अंब्रेला कमेटी में पहुंचता है। दस्तावेजों की जांच के दौरान आपत्तियां लगने पर फील्ड रिपोर्ट या अन्य कागजात दोबारा पूरे करने पड़ते हैं। इससे मंजूरी की प्रक्रिया और लंबी हो जाती है। लोगों को राहत देने के लिए एपी ब्रांच में कर्मचारियों की कमी दूर करने और फील्ड निरीक्षण में तेजी लाने की जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App