रामपुर में राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज
राष्ट्रीय वॉलीबॉल का रोमांच, एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के उपलक्ष्य में रामपुर बुशहर के पदम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के खेल मैदान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह नेगी ने किया। रामपुर प्रशासन के तत्वावधान में बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और विभागों की आठ टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता में दिल्ली, इंडियन नेवी, पंजाब स्टेट, पंजाब पुलिस, इंडियन आर्मी, हिमाचल प्रदेश, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट चंडीगढ़ और हरियाणा स्टेट की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली टीम को 75 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 45 हजार रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के आयोजन को सफल बनाने के लिए बुशहर वॉलीबॉल एसोसिएशन की ओर से खेल मैदान की व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन से स्थानीय युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की टीमों के खिलाडिय़ों को खेल कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा और रामपुर बुशहर की पहचान खेल गतिविधियों के क्षेत्र में और मजबूत होगी। इस अवसर पर एसोसिएशन के संयोजक राजेंद्र ठाकुर, महासचिव प्रेम मेहता, सचिव ऋषि रोच, प्रेस सचिव अश्वनी शर्मा, कुलदीप ठाकुर, डीडी कश्यप, वीरेंद्र भलूनी, शिवराम, कुशाल शर्मा, अशोक शर्मा, बहादुर सिंह भलूनी और मोंटी गोयल, केवल राम भलूनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
