चांद के दीदार के बाद सुहागिनों ने खोला व्रत
सिरमौर में हर्षोल्लास से मनाया गया करवाचौथ का पर्व, जिला भर के बाजारों में रही खूब भीड़, कारोबार में उछाल से व्यापारी खुश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
सिरमौर जिला में गुरुवार को पति-पत्नी के अटूट प्यार के प्रतीक के रूप में मनाए जाने वाले करवाचौथ के पर्व को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान जिला के बाजारों में खासी भीड़ रही तथा महिलाओं ने जमकर खरीददारी की। सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच महिलाओं ने सरगी ग्रहण करने के बाद व्रत शुरू किया। तत्त्पश्चात महिलाओं ने सजना है साजन के लिए की कहावत को सच करते हुए शृंगार किया तथा पति की दीर्घायु की कामना को लेकर करवाचौथ का व्रत रखा। इस दौरान नाहन के बाजारों में खूब भीड़ रही। मिठाई विक्रेताओं की दुकानों पर खासी भीड़ देखने को मिली, जबकि बाजार में भी कपड़ों, शृंगार के सामान व ज्वेलर्स की दुकानों में महिलाओं ने खूब खरीददारी की। दोपहर बाद चार बजे के पश्चात महिलाओं ने करवाचौथ की कथा पढ़ी। क्योंकि इस बार प्रदेश सरकार ने महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों को भी करवाचौथ की छुट्टी घोषित की थी। ऐसे में लोगों ने अपने घरों में परिवार सहित खुशी-खुशी करवाचौथ का पर्व मनाया। व्यापारी भी फेस्टिवल सीजन को देखते हुए खुश हैं तथा ग्राहकों को खुश करने के लिए आकर्षक फेस्टिवल ऑफर दे रहे हैं। वहीं महिलाओं की नए कपड़ों के साथ-साथ शृंगार का सामान, ज्वेलरी आदि को देखते हुए बाजारों में खूब रौनक रही।
जिला मुख्यालय नाहन के नया बाजार, गुन्नूघाट, बड़ा चौक, छोटा चौक, बस स्टैंड व हिंदू आश्रम मार्ग पर तमाम दुकानें दुल्हन की तरह सजी रही। फेस्टिवल सीजन के चलते रेडिमेड कपड़ों की बात हो चाहे चूडिय़ां, मेहंदी व अन्य शृंगार के सामान तमाम दुकानें दिन भर ग्राहकों से भरी पड़ी हैं। यही नहीं व्यापारी खुश हैं कि फेस्टिवल सीजन को लेकर लोग बाजारों में खरीददारी करने के लिए उमड़ रहे हैं। बाजारों में सजी रंग-बिरंगी दुकानें व लोगों की भीड़ से व्यापारियों के चेहरे भी खिले हुए हैं। नाहन शहर के प्रमुख सर्राफा व्यापारी नवरत्न ज्वेलर्स के श्याम लाल खिंदड़ी, अधिदेव खिंदड़ी, सुभाष ज्वेलर्स के मालिक विशारद वर्मा, राजेश वर्मा आदि ने बताया कि करवाचौथ, धनतेरस व दीपावली को लेकर ज्वेलरी के तमाम डिजाइन उपलब्ध हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि फेस्टिवल सीजन के दौरान बाजारों में उमड़ रही भीड़ से खरीददारी में तेजी आ रही है। फेस्टिवल सीजन के दौरान बाजार में पारंपरिक परिधानों दुपट्टा, चूडिय़ां, लहंगा, सूट, वूलन सूट व मेकअप की दुकानें ग्राहकों से गुलजार हैं। दुकानों के बाहर सजे रंग-बिरंगे कपड़े ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। पूजा की सामग्री, मिट्टी के बर्तन, रंग-बिरंगी लाइट हाथोंहाथ बिक रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
