ऊना में आवारा कुत्तों ने दो युवकों को काटा
शहर के नगर निगम कार्यालय के समीप कुत्तों का आतंक
स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
शहर के नगर निगम कार्यालय के समीप आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। यहां आधा दर्जन कुत्तों के झुंड ने दो युवकों को काटकर घायल कर दिया। स्थानीय स्तर पर इस झुंड की ओर से अब तक कई लोगों को काटने की सूचना है। दो-तीन दिन पहले भी नगर निगम ऊना के एक कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति को कुत्तों ने अपना शिकार बनाया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं से क्षेत्र में लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी घटना भी हो सकती है। नगर निगम कार्यालय के आसपास का क्षेत्र शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाकों में शामिल है। यहां नगर निगम कार्यालय के अलावा पुलिस थाना, डाकघर, पासपोर्ट कार्यालय और जिला कोषागार कार्यालय स्थित हैं। इसके साथ ही आसपास तीन सरकारी स्कूल भी हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, कर्मचारी और आम लोग आते-जाते हैं। ऐसे में आवारा कुत्तों के झुंड की मौजूदगी बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी के लिए खतरा बनी हुई है। वहीं लोगों में दहशत का आलम है।
पहले बच्ची को काटा था
इससे पहले चौरासी पौडिय़ां क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बच्ची को कुत्तों ने घायल कर दिया था। वहीं, चंद्रलोक कॉलोनी में भी एक महिला पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। इसके अतिरिक्त सीबीएसई ऊना स्कूल के सामने भी आवारा कुत्तों का आतंक बना रहता है। कुछ समय पहले इसी स्थान पर एक युवक और युवती पर भी कुत्तों ने हमला किया था। लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
की जाएगी कार्रवाई
नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए हर संभव सख्त कदम उठाए जाएंगे। ताकि शहर के लोगों को आने-जाने के लिए सुरक्षित माहौल मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
